जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने किया स्व गणना अभियान का शुभारंभ

मऊ। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों, विभागीय समन्वय और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना के तहत आज से शुरू हुए स्व गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वयं स्व गणना करने के साथ-साथ लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। यह अभियान 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश का एक बेहद महत्वपूर्ण कार्य है, क्योंकि इससे प्राप्त आंकड़े सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें और उन्हें सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता और गंभीरता के साथ पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराएं।
बैठक में बताया गया कि भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 7 मई से 21 मई तक स्व गणना अभियान संचालित होगा। अभियान के दौरान प्रत्येक दिन को अलग-अलग थीम दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पहले दिन की थीम “राजस्व प्रशासन, सांसद, विधायक एवं विधान परिषद सदस्य” रखी गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह सहित कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


