चोरी के कई दिनों बाद पुलिस के हाथ खाली
दो घरों से 70 लाख के आभूषण 1 लाख रूपए की चोरी में रिपोर्ट दर्ज

इटावा। भरथना कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के नगला डरू में बीती 24 अप्रैल की रात्रि छत के रास्ते दो घरों में अलग अलग घुसकर 480 ग्राम बिजनी सोने के और करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण समेत 1 लाख 20 हजार की नगदी के अलावा अन्य सामान चोरी की घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू तो करदी लेकिन घटना के 7 दिनों बाद भी पुलिस के हाथ खाली बने हुए हैं।
आपको बतादें बीते दिनों क्षेत्र के ग्राम नगला डरू निवासी किशोर कुमार पुत्र स्व.वीरेंद्र सिंह और पड़ोसी चचेरे भाई आर्य बंधु पुत्र मुलायम सिंह के दोनों घरों में रात के अंधेरे में अज्ञात बदमाशों ने छत के रास्ते से प्रवेश कर लिया और अलमारी बक्सों में रखे करीब 70 लाख रूपए कीमती सोने-चांदी के आभूषण और 1 लाख 20 हजार की नगदी समेत घर का अन्य सामान चोरी करके चम्पत हो गए थे। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर मुख्यालय से बुलाई गई पुलिस की फॉरेंसिक फिंगर एक्सपर्ट टीम ने साक्ष्य भी जुटाए बाबजूद इसके घटना के 7 दिनों बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।
जिसको लेकर दुखी होकर पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंच कर समय रहते कार्रवाई की गुहार लगाई है।
चोरी के सम्बन्ध में पीड़ित किशोर कुमार ने बताया कि अज्ञात बदमाश उसके घर से 1 सीतारामी,1 गले का हार,कानों का सेट सहित,7 जोड़ी कानों के झाले, झुमके,कुंडल आदि 2 जंजीर,1 मर्दाना अंगूठी,7 महिला अंगूठी,6 चूड़ियां,1 बड़ी जंजीर,चांदी की 1 कमर करधनी,7 जोड़ी पायलें और 90 हजार नगदी सहित अन्य सामान चोरी हुआ है।
वहीं आर्य बंधु के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने उनके घर से सोने की 4 चूड़ियां,1 मंगलसूत्र,1लक्ष्मी जंजीर, 6 अंगूठियां,1 सदा जंजीर, 6 जोड़ी कानों के झाले, झुमके,कुंडल आदि,1 हार, चांदी की 2 जोड़ी पायलें,2 सिक्के और 12 हजार की नगदी सहित घर का कीमती अन्य सामान चोर उड़ा ले गए।
घटना के दौरान घर के बुजुर्ग और महिलाएं बाहर कमरे में सो रहे थे जबकि अन्य सभी पुरुष खेतों पर गेहूं फसल की कटाई में लगे हुए थे। चोरी की इस बड़ी घटना के बाद से पूरे गांव क्षेत्र के ग्रामीणों में बदमाशों की दहशत बनी हुई है।



