गाजियाबाद में गोवंश संरक्षण को लेकर गोसेवा आयोग ने की समीक्षा
उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल एवं सदस्य दीपक गोयल ने गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल एवं सदस्य दीपक गोयल ने मंगलवार को गाजियाबाद में गोवंश संरक्षण और गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रेसवार्ता की। विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आयोग के पदाधिकारियों ने जिले में निराश्रित गोवंश के संरक्षण, भरण-पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। गोआश्रय स्थलों पर रहने वाले प्रत्येक गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गोवंश को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गोआश्रय स्थलों में साफ-सफाई, पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी तथा बीमार पशुओं के समय से उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने और गोवंश की देखभाल में संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि गोसेवा केवल व्यवस्थाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से जुड़ा कार्य है।
आयोग के पदाधिकारियों ने संबंधित विभागों को गोआश्रय स्थलों की नियमित समीक्षा करने, व्यवस्थाओं में सुधार बनाए रखने तथा गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।



