सिक्कों की ठनकार और ईमान का सौदा, पंजाब से दिल्ली तक ‘आप’ में मची भगदड़ की इनसाइड स्टोरी

operation lotus punjab: तवायफ, कोठे, धोखेबाज, दाऊद इब्राहिम और ऑपरेशन लोटस…। सियासत में आजकल इन शब्दों के जरिए मन की भड़ास निकालने की भरसक कोशिश हो रही है। जुबानी हमले निरंतर तीखे हो रहे हैं। सात सांसदों द्वारा अचानक आम आदमी पार्टी (आप) को अलविदा कर दिए जाने के बाद पंजाब से दिल्ली तक सियासी हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) पर और आप ने भाजपा पर निशाना साधा है।
हैरान-परेशान हैं केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैरान-परेशान हैं। उनके सिपहसालार संजय सिंह आग उगल रहे हैं। दिल्ली और पंजाब में प्रचंड गर्मी की मार पड़ रही है। ऐसे में सियासी पारा भी कम नहीं हो सका है। आप का सियासी तापमान उच्चस्तर पर पहुंच चुका है। घायल हूं, इसलिए घातक हूं…। यह फिल्मी डायलॉग मारने के कुछ दिन बाद राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने आप और अरविंद केजरीवाल को जोर का झटका जोरों से दे डाला है। चड्ढा के अलावा छह और सांसद आप से किनारा कर चुके हैं।
संजय सिंह ने लगाया गंभीर आरोप
राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल जैसे दिग्गज अब भाजपा के साथ हो चुके हैं। आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी।। उन्होंने भाजपा पर ‘मिशन लोटस’ चलाने का आरोप लगाया है। आप में मची भगदड़ पर पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, आए थे तवायफों के कोठे बंद करवाने, सिक्कों की ठनकार सुनी और खुद ही मुजरा कर बैठे। विधायक खैरा ने आप और अरविंद केजरीवाल की आलोचना की है।
प्रकाश राज भी बरसे
अभिनेता प्रकाश राज ने राघव चड्ढा पर सोशल मीडिया के जरिए तीखा तंज कसा है। उन्होंने मीम में लिखा कि, ‘मैं पुलिस फोर्स छोड़ रहा हूं क्योंकि वे अपराध से लड़ने के अपने वैल्यूज से भटक गए हैं। इसलिए मैं दाऊद इब्राहिम से जुड़ रहा हूं- राघव चड्डी।’ यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने राघव के आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने राघव को ‘सबसे बड़ा धोखेबाज’ कहा और दावा किया कि राघव ने आप इसलिए छोड़ी क्योंकि उन्हें ईडी और सीबीआई की छापेमारी का डर था।
उधर, टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज और पंजाब से राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह के आवास पर आप कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूटा है। उनके आवास के बाहर ‘गद्दार’ जैसे शब्द लिख दिए गए हैं। दरअसल हरभजन भी उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने आप से नाता तोड़ लिया है। पंजाब में दस माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके पहले आप में मची भगदड़ ने पार्टी आलाकमान की बेचैनी बढ़ा दी है।
AAP में बड़ी टूट, क्या राघव चड्ढा और रवनीत बिट्टू की जोड़ी पंजाब में खिलाएगी कमल
भाजपा सीमावर्ती राज्य पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी जड़ें मजबूत करने की कवायद में जुटी है। इसी कड़ी में भगवा पार्टी ने पिछले कुछ साल में पंजाब के कई कांग्रेसी नेताओं को अपने पाले में करने में कामयाबी पाई है। निश्चित रूप से राज्य सभा में आप के दो तिहाई सांसदों का टूटकर भाजपा में मिलना आप के लिए बड़ी चुनौती है। जिसके चलते पंजाब में अपनी खोई जमीन पाने को पार्टी को एकजुट कर आगे बढ़ने की बड़ी चुनौती सामने खड़ी है। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि आप के कुछ और नेता जल्द भाजपा का दामन थाम लें। भाजपा के हाथों दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद क्या आप अब पंजाब में खुद को संभाल पाएगी, यह सवाल भी चर्चाओं में है।



