दिशा समिति की बैठक में सख्त निर्देश: फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई, जबरन स्मार्ट मीटर पर रोक

मऊ। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक घोसी के सांसद राजीव राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। इस दौरान 100 शैय्या युक्त चिकित्सालय टड़ियांव, घोसी में डॉक्टरों की उपस्थिति को लेकर चर्चा हुई। सीएमएस द्वारा सभी डॉक्टरों की उपस्थिति बताए जाने पर सांसद ने वीडियो कॉल के जरिए इसकी जांच भी कराई।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान फर्जी अस्पतालों और फर्जी डॉक्टरों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। समिति के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने निर्देश दिया कि सिर्फ अपंजीकृत ही नहीं, बल्कि पंजीकृत अस्पतालों की भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी फर्जी डॉक्टर मिलें, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद ने अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम बनाकर जिले के सभी अस्पतालों की जांच कराने और मानकों की पुष्टि करने के निर्देश दिए। साथ ही सील किए गए अस्पतालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को भी कहा गया।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्देश दिया कि ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह कार्य तेजी से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अनुपस्थिति की स्थिति में नोटिस जारी कर एक दिन का वेतन काटने की बात कही गई।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर आ रही शिकायतों पर सांसद ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि किसी भी उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर न लगाया जाए। यदि जबरन मीटर लगाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जहां-जहां बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है, वहां खंभे और केबल के जरिए स्थायी व्यवस्था करने को कहा गया।

जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का एक महीने के भीतर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोकार्पण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं पीडब्ल्यूडी के कार्यों की समीक्षा के दौरान कसारा-कोपागंज मार्ग की मरम्मत में अनियमितता की शिकायत पर अधिशासी अभियंता से पूरा ब्यौरा मांगा गया।

सड़क निर्माण को लेकर सांसद ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेकर कार्य योजना तैयार की जाए। वहीं गेहूं क्रय केंद्रों पर बोरो की कमी की शिकायत पर डिप्टी आरएमओ को पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को परेशानी न हो।

रेलवे द्वारा बनाई गई सईदी रोड के जल्द खराब होने पर भी सांसद ने नाराजगी जताई और निर्माण में खर्च हुए बजट की रिपोर्ट तलब की। इसके अलावा मोहम्मदाबाद गोहना रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग भी बैठक में उठी।

बैठक के अंत में सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर काम करें तो जिले का विकास तेजी से हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, अन्यथा अगली बैठक में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एमएलसी, विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button