ऑपरेशन प्रहार: पुलिस ने स्कूली बच्चों को नशे के खिलाफ किया जागरूक, दिलाई प्रतिज्ञा

साहिबाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सभी थानों की पुलिस टीम स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं और आरडब्ल्यूए के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को थाना शालीमार गार्डन प्रभारी अवधेश त्रिपाठी ने अपने स्टाफ के साथ क्षेत्र के कई स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी और उन्हें नशा न करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने प्रतिज्ञा ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए हानिकारक है, इसलिए इससे दूर रहना जरूरी है।
यह जागरूकता कार्यक्रम शालीमार गार्डन क्षेत्र के एवरेस्ट पब्लिक स्कूल, डीएलएफ स्कूल, एनपीएस स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों में आयोजित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में थाना शालीमार गार्डन से एसआई प्रदीप कुमार, एसआई अनुज बालियान, एसआई महिपाल सिंह, एसआई पल्लवी बालियान, एसआई बबीता यादव, एसआई दीपा, एसआई प्रियंका सहित दर्जनों पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



