खड़े ट्रक से दूसरा ट्रक टकराने से दो की मौत
दुर्घटना में दो लोगों की मौत पर पुलिस जांच में जुटी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के सुबह करीब साढ़े 4 बजे दो थाना के बॉर्डर पर एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने राहत एवं बचाव कर यातायात सुचारू कराया।
सोमवार सुबह ग्राम विचारपुरा के पास हाइवे पर एक ट्रक अचानक खराब हो गया।ट्रक चालक रोहित (25) पुत्र रामकृष्ण निवासी चंदपुरा कंचौली थाना दिवियापुर, औरैया तथा उसका साथी नितिन (करीब 32) सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नितिन गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक के नीचे फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल इटावा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
हाइवे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हाइड्रा व जेसीबी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।



