संदिग्ध: किशोरी ने लगाई फांसी-क्षेत्र में सनसनी

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम बाउथ में बुधवार को एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में ननिहाल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,गांव निवासी राहुल कुमार की पुत्री आराध्या उर्फ संजू ने दोपहर करीब 2 बजे अपने घर के कमरे में सीलिंग फैन के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के समय घर में केवल उसकी बुजुर्ग नानी राजेन्द्री देवी पत्नी ताहर सिंह मौजूद थीं। जब नानी कमरे में पहुंचीं तो किशोरी को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना पर उपनिरीक्षक शेर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी कृपाल सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



