पार्षद बेबस, जनता बेसहारा; डालीगंज में खुलेआम हो रहा अवैध कब्जा, सो रहा हनसगंज थाना?

राजधानी लखनऊ जिले के डालीगंज में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दबंग व्यक्ति ने न केवल सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया, बल्कि वहां पक्का निर्माण करने की फिराक में है। हैरानी की बात ये है कि स्थानीय पार्षद ने भी उक्त व्यक्ति को समझाया। फिर भी वो व्यक्ति बाज नहीं आ रहा है। वहीं पुलिस से शिकायत करने पर भी कुछ ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मामला हनसगंज थाना स्थित ताकिया मुशी गंज क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, चरही के पास नाले के बराबर में ये जमीन सामुदायिक उपयोग के लिए आरक्षित थी, लेकिन आरोपी व्यक्ति ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए धीरे धीरे उस पर कब्जा जमाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन नंबर पर भी शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यहां आने जाने वाले लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। आरोपी जय प्रकाश रावत उर्फ छोटू (संभावित नाम) का अपराधिक रिकॉर्ड भी रह चुका है। फिलहाल ये मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आपको बता दें कि सख्त नीतियों और बुलडोज़र कार्रवाई के बीच योगी सरकार कानून का राज स्थापित करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर भूमि-माफियाओं की जड़ें अब भी कई जगहों पर मजबूत नजर आती हैं। प्रशासनिक सख्ती, पुलिस कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया के बीच यह टकराव सिर्फ जमीन का नहीं, बल्कि व्यवस्था और विश्वास का भी सवाल बन गया है।



