ढाई हजार बाशिंदों को पेयजल की बूंद को तरस
पाइप लाइन फटने से गुलाबवाड़ी में जल संकट गहराया

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर के मोहल्ला गुलाबवाड़ी में नगर पालिका की पानी सप्लाई पाइपलाइन फट जाने से पिछले तीन दिनों से भीषण जल संकट बना हुआ है। इस समस्या से तीन वार्डों के करीब ढाई हजार लोग प्रभावित हैं। नवरात्रि के चलते सुबह के समय पानी की अधिक जरूरत होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्थानीय सभासद शेष कुमार उर्फ बिल्लू यादव व अन्य लोगों ने बताया कि पाइपलाइन फटने के कारण पच्छिमी और दक्षिणी गुलाबवाड़ी, अहीर टोला समेत कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। लगातार शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
क्षेत्रीय निवासी संतोष कुमार, शंकर, रामशंकर, सुनीता, बबीता, भावना और श्यामादेवी ने बताया कि पानी की किल्लत के चलते उन्हें समरसेबल लगे घरों से पानी लाना पड़ रहा है। हालांकि बिजली बिल बढ़ने के डर से कई लोग पानी देने से कतरा रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
अधिशासी अधिकारी श्यामवचन सरोज ने बताया कि जल विभाग की टीम पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी हुई है और जल्द ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। मौके पर सभासद प्रमोद कुमार, कमल प्रकाश, संजय कुमार, सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य, मोनू शर्मा, अंकित कुमार, पालिका सुपरवाइजर विनय कुमार सागर और सफाई इंस्पेक्टर लाल कुमार यादव की मौजूदगी में कार्य कराया जा रहा है।



