कैला देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार
आगरा में इटावा के एक परिवार के 5 लोगों की मौत

इटावा। आगरा जिले में सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं,हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह हादसा जनपद आगरा के चित्राहाट थाना क्षेत्र के इटावा मार्ग पर ग्राम पई के पास हुआ,दरअसल,इटावा के ग्राम नगला वर का रहने वाला परिवार बोलेरो कार से राजस्थान के कैला देवी मंदिर में दर्शन करने गया था, वहां से लौटते समय चालक से कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
इस दौरान बोलेरो कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई और 5 लोगों की मौत हो गई,मृतकों में तीन व्यक्ति,एक महिला सहित 3 वर्षीय बच्ची शामिल है।
मृतकों में आराध्य पुत्री दीपक उम्र करीब 3 वर्ष, श्रीमती सीमा पत्नी देवेंद्र उम्र करीब 32 वर्ष,देवेंद्र पुत्र कामता उम्र करीब 35 वर्ष, कामता पुत्र कुंवर उम्र करीब 60 वर्ष,निवासी गण नगला वर थाना इकदिल जिला इटावा और ऋषि पुत्र चारु सिंह निवासी प्रतापपुरा औरैया उम्र 30 वर्ष हैं। जबकि घायलों में ऋषभ पुत्र दीपक उम्र करीब 20 वर्ष,रश्मि पुत्री दीपक उम्र करीब 15 वर्ष, आदित्य पुत्र देवेंद्र उम्र करीब 13 वर्ष समस्त निवासीगण ग्राम नगला वर थाना इकदिल, इटावा व अवनीश पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गोहनिकला थाना अजीतमल औरैया उम्र करीब 18 वर्ष शामिल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस से इटावा के सैफई अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं,मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भी भेज दिया है।
एक साथ पांच लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है,पुलिस मामले में जांच कर रही है कि बोलेरो अचानक कैसे हादसे का शिकार हो गई।
सीएम ने लिया संज्ञान
वहीं, सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है,उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है,साथ ही अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।



