न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार ने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलवाकर कराया जमींदोज

महराजगंज, रायबरेली। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस बल और राजस्व टीम की मौजूदगी में कोतवाली क्षेत्र के पूरे भुवन मजरे थूलवासा गांव में सरकारी जमीन पर वर्षों से जमे अवैध कब्जे को बुलडोजर से ध्वस्त करवा दिया।
यह समस्त कार्य सदर तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव की अगुवाई में कराया गया। गाटा संख्या 1297 (रकबा 1.756) की बंजर भूमि पर रामफेर यादव, सुरेन्द्र यादव, जंगबहादुर यादव और राम अवध यादव द्वारा किए गए दशकों पुराने निर्माण को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे।
तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव ने बताया कि सभी कब्जेदारों को पूर्व में नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अनुपालन न होने पर यह सख्त कदम उठाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि दलबहादुर यादव और शिव मोहन को भी नोटिस दी गई है, यदि वे शुक्रवार तक स्वयं कब्जा नहीं हटाते हैं तो उनके विरुद्ध भी बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।



