ब्लॉक परिसर में फैली गंदगी व चोक पड़ी नालियों ने खोली स्वच्छता अभियान के दावों की पोल
ब्लॉक परिसर में एनआरएलएम कार्यालय के मुख्य गेट पर लगा कूड़े का ढेर

ऊँचाहार, रायबरेली। एक तरफ शासन प्रशासन गांवों में स्वच्छता अभियान और संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा चलाकर साफ-सफाई के दावे कर रहा है तो वहीं उनके परिसर खुद बदहाली और गंदगी का शिकार है। ब्लॉक परिसर में फैली गंदगी और चोक पड़ी नालियां यहां के दावों की पोल खोल रही हैं।
कागजों पर भले ही सभी ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई का दावा किया जा रहा हो, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। ब्लॉक परिसर स्थित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एनआरएलएम कार्यालय के मुख्य गेट पर ही कूड़े का बड़ा ढेर लगा हुआ है। इसके अलावा, जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां लंबे समय से साफ न होने के कारण पूरी तरह चोक हो चुकी हैं। इस वजह से परिसर में गंदा पानी भरा रहता है।
इस बाबत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार सिंह का कहना है कि साफ-सफाई की व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत की है। ब्लॉक और ग्राम पंचायतों में टीम बनाकर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश कई बार दिए जा चुके हैं। यदि इसके बावजूद सफाई नहीं हो रही है, तो पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।



