मऊ में शातिर चोर गिरफ्तार, 36 लाख से अधिक के जेवरात व नकदी बरामद

मऊ। जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक मऊ इलामारन जी (आईपीएस) के निर्देश पर जनपद में मकानों में ताला तोड़कर चोरी, आभूषण चोरी तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर कृष राजपूत के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस टीम लगातार सक्रिय थी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस टीम के सहयोग से संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, संभावित स्थानों की चेकिंग तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से चोरी में संलिप्त अपराधियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान करीब 42 अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान होने पर मुखबिर लगाया गया। इसी दौरान 9 मार्च 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति रेलवे स्टेशन के सामने रामलीला मैदान जाने वाली सड़क के पास बैग लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मनोज कुमार गुप्ता (49 वर्ष) पुत्र रमेश्वर गुप्ता निवासी मूल तकिया धरहरा थाना लार जनपद देवरिया, हाल पता मिश्र नेवरी काशीपुर वार्ड नंबर-5 थाना कोतवाली नगर जनपद बलिया बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 205.32 ग्राम सोने के आभूषण और 1535.91 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 52,500 रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली दो लोहे की नुकीली रॉड (सुम्मी) तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
बरामद सोने के आभूषणों में एक हार, एक जोड़ी कंगन, 11 अंगूठियां, तीन चैन लॉकट सहित, चार जोड़ी कान के झुमके, सात नाक की कील, तीन मंगलसूत्र, दो मांग टीका और एक नथिया शामिल हैं। वहीं चांदी के सामान में छह जोड़ी पायल, एक ज्युतिया, तीन हाफ पेटी/करधनी, दो जोड़ी झागल, एक छोटी कटोरी, चम्मच, सुपारी गोल और एक तस्तरी शामिल है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ विभिन्न जनपदों में पहले मकानों की रेकी करता था। दिन में ऐसे घरों की पहचान की जाती थी जिनमें ताला लगा होता था और रात में मुख्य दरवाजे, गेट या छत के रास्ते अंदर घुसकर लोहे की नुकीली रॉड से ताला, बक्सा और आलमारी तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी कर ली जाती थी।
अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए कुछ आभूषणों को बेच दिया जाता था, जबकि कुछ को सोनार से सत्यापित कराकर बैंकों से करीब 12 लाख और 7 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था। चोरी से अर्जित धन से उसने मुंबई में झुग्गी खरीदी, बलिया में मकान बनवाया तथा पत्नी के नाम से बैंक में पैसा जमा कराया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने मऊ जिले के सहादतपुरा, ताजोपुर, बरपुर और कोपागंज क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। साथ ही उसने जिले में करीब 20 से 25 अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता की बात कबूल की है, जिनकी जांच की जा रही है।
इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 70/2026 सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के फरार साथियों की गिरफ्तारी और चोरी से अर्जित संपत्ति की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



