संजयनगर के प्राचीन शिव मंदिर के सामने शराब की दुकानों का विरोध, कॉलोनीवासियों ने प्रधानमंत्री को भेजा पत्र

गाजियाबाद। संजयनगर क्षेत्र के जागृति विहार में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने संचालित शराब की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर कॉलोनीवासियों ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। प्राचीन शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश नागर ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी को पत्र भेजते हुए स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत कराया है।
पत्र में बताया गया है कि जागृति विहार, सेक्टर-23 संजयनगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने एक अविकसित पार्क के पास अंग्रेजी और देशी शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। समिति के अनुसार यह पूरा क्षेत्र आवासीय है और मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और युवतियों को इससे काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि शराब पीने वाले लोग पार्क के आसपास बैठकर शराब का सेवन करते हैं और राहगीरों व मंदिर आने-जाने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। इससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। साथ ही बच्चों के स्कूल और ट्यूशन आने-जाने के दौरान भी परेशानियां सामने आ रही हैं।
समिति ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित मकानों में बिना अनुमति के अवैध निर्माण कर दुकानों का संचालन किया जा रहा है और इसके लिए आवश्यक एनओसी भी नहीं ली गई है। ऐसे में कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश नागर ने कहा कि कॉलोनी के अधिकांश लोग धार्मिक आस्था से जुड़े हैं और मंदिर के सामने शराब की दुकानों के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि वर्ष 2026-27 में इन दुकानों का लाइसेंस नवीनीकरण न किया जाए और इन्हें किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।



