होली की खरीदारी को निकली मां-बेटी लापता
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश की शुरू

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा में होली के त्योहार से ठीक पहले खुशियों की खरीदारी करने घर से निकली मां-बेटी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। देर शाम तक घर न लौटने पर पति ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी सोनू की पत्नी सोनी अपनी ढाई वर्षीय बेटी तान्या के साथ होली का बाजार करने घर से निकली थीं। परिवार के अनुसार वह रविवार दोपहर करीब 12 बजे बाजार जाने की बात कहकर गई थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। पति सोनू देर शाम तक उनके लौटने का इंतजार करता रहा। जब काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो उसने परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन कहीं से भी मां-बेटी का पता नहीं चल सका।
बताया गया है कि वैवाह क्षेत्र के गढ़वाना लखुरिया गांव निवासी सोनी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व भरथना क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी सोनू से हुई थी। परिवार में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। मासूम तान्या के साथ मां के लापता होने से परिजन बेहद चिंतित हैं।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली भरथना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के बाजारों और संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा रिश्तेदारी व अन्य स्थानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
त्योहार से पहले हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह का कहना है कि जल्द ही मां-बेटी का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।



