ब्लॉक प्रमुख पर सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग का आरोप

ऊँचाहार, रायबरेली। ब्लॉक प्रमुख पर सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग और विकास कार्यों में धांधली का बड़ा आरोप लगा है । गरीब बस्तियों के लिए आए सोलर पंपों को अपने निजी प्रतिष्ठानों में स्थापित करने के साथ विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाते हुए सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है ।

सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एसडीएम विवेक राजपूत से मुलाकात की है । सदस्यों का आरोप है कि दलित और गरीब बस्ती में रहने वाले लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने के लिए शासन से आए सोलर पंपों को ब्लॉक प्रमुख ने अपने निजी प्रतिष्ठानों , व्यक्तिगत उपयोग की भूमि , निजी ईंट भट्ठे और रिश्तेदारों के यहां स्थापित करा दिया है । जो न सिर्फ बड़ी अनियमितता है अपितु शासन द्वारा संचालित योजनाओं का दुरुपयोग है । सदस्यों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र पंचायत निधि से बनवाई गई इंटरलॉकिंग रोड के निर्माण में बहुत ही घटिया सामग्री का प्रयोग हुआ है और निम्न स्तर का निर्माण हुआ है ।

विभिन्न गांवों में लगाई गई सीमेंटेड कुर्सियां और बेंच भी बहुत निम्न स्तर की है । यही नहीं सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों को मरम्मत के नाम पर खोलकर गायब कर दिया गया है । उन्होंने इन सभी विषयों पर निष्पक्ष जांच और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है । इस मौके पर प्रमुख रूप से मनीष कौशल , विजय बहादुर , रामेंद्र प्रताप यादव , सोनू शुक्ला , राहुल पासी , संदीप कुमार , भोलेंद्र शुक्ल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद थे। इस बाबत एसडीएम विवेक राजपूत ने बताया की सामूहिक शिकायती पत्र मिला है इसकी जांच कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button