विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरहोल में शनिवार देर रात एक विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रीता देवी 32 पत्नी सत्येंद्र कुमार ने कमरे में पंखे से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर भैंसों के बाड़े में सो रहे थे,जबकि पति जीविकोपार्जन के लिए जिला सीवान (बिहार) में चूड़ी बनाने का कार्य कर रहा है।

रविवार सुबह जेठ सहदेव जब भैंसों को चारा डालने के बाद घर के अंदर पहुंचे तो विवाहिता का शव फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मृतका की शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो मासूम बच्चे नैतिक 8 और नव्या 5 हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

Related Articles

Back to top button