ट्रक डिवाइडर से टकराया: चालक-परिचालक घायल
ओवरटेक करने में हुआ हादसा,केबिन में फंसे चालक को निकाल इलाज को भेजा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर पत्थर लदा 22 चक्का ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस समय हुआ जब ट्राला ट्रक राजस्थान से पत्थर लेकर बिहार की ओर जा रहा था। जसवंतनगर से इटावा की दिशा में बढ़ते समय थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कन्हई गांव के पास अज्ञात वाहन को ओवरटेक करने के दौरान हाईवे के डिवाइडर से टकराकर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक केबिन में फंस गया। तभी उधर से गुजर रहे हैं हाईवे पेट्रोलिंग कर रहे इंसिडेंट मैनेजर सुनित चौहान और सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष कमल भाटी ने केबिन में फंसे चालक को आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
हादसे में चालक व परिचालक दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों की पहचान 28 वर्षीय साजिद पुत्र हुसैन व 25 वर्षीय इमरान पुत्र रहमत निवासी गांव खोवा,थाना किशनगढ़,जिला खेपरान (राजस्थान) के रूप में हुई है।दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल मोतीझील भेजा गया।हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। थाना अध्यक्ष कमल भाटी, एस आई ललित कुमार चतुर्वेदी एस आई शुभम वर्मा और इंसिडेंट मैनेजर सुनित चौहान ने हाइड्रा द्वारा क्षतिग्रस्त ट्रक सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।



