भोगनीपुर गंग नहर में महिला का मिला शव

अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र से गुजरने वाली भोगनीपुर गंग नहर के किनारे मल्हूपुर गांव के पास रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लगभग 50 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पानी में बहता मिला। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि यह नहर फिरोजाबाद जिले की ओर से होकर आती है, आशंका जताई जा रही है कि महिला का शव उधर से बहकर यहां पहुंचा हो। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। पहचान के प्रयास के लिए शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखने हेतु पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया है।

थानाध्यक्ष के अनुसार प्रथम दृष्टया शव करीब 36 से 48 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई,लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट के गहरे निशान हैं और सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से शिनाख्त में कठिनाई आ रही है।

महिला ने सफेद धातु की चूड़ियां, बैंगनी रंग का फटा पेटीकोट और दाहिने हाथ में कलावा पहना हुआ है। पुलिस पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button