स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी पकड़ी
एसडीओ के नेतृत्व में चला चेकिंग अभियान तीन विद्युत चोरों पर मुकद्दमा दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में स्मार्ट मीटर जागरूकता अभियान के तहत विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी का मामला सामने आया है। उपखंड अधिकारी आनंद पाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर तीन उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा, जिनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विद्युत टीम प्रभारी जेई कौशल पांडे ने मोहल्ला लुधपुरा में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कुल 50 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें तीन घरों में स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में अंजू देवी, धनबंत्री और आशीष कुमार के यहां अनियमितता पाई गई। मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
विद्युत एसडीओ आनंद पाल सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोहल्ला लुधपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, विशेषताओं और इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान करीब तीन दर्जन उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में स्मार्ट मीटर से संबंधित मोबाइल ऐप भी डाउनलोड कराए गए, जिससे वे अपनी बिजली खपत और बिल की जानकारी समय-समय पर प्राप्त कर सकें।एसडीओ ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली चोरी न करें और समय से बिल का भुगतान करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिजली चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी घर-घर जाकर ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।
वहीं, जेई कौशल पांडे ने कहा कि स्मार्ट मीटर एक पारदर्शी व्यवस्था है, जिससे उपभोक्ताओं को सही बिल, वास्तविक खपत की जानकारी और भुगतान में सुविधा मिलती है। विभाग का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से अधिक जागरूकता के माध्यम से ईमानदार बिजली उपभोग को बढ़ावा देना है।



