हर बूथ पर मजबूती से जुटें कार्यकर्ता : अनुप्रिया पटेल

गाजियाबाद/लखनऊ। आगामी पंचायत व विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर सोमवार को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक हैं और लक्ष्य बड़ा है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ हर बूथ पर संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं।

पार्टी के कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में अनुप्रिया पटेल ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि समय रहते संगठन की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और पंचायत व विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है, इसलिए सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ एसआईआर से संबंधित कार्यों को संपन्न करें तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएं।बैठक में गाजियाबाद से जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश तोमर तथा शहर गाजियाबाद विधानसभा अध्यक्ष अमित कुमार दुबे अपने पदाधिकारियों के साथ उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

Related Articles

Back to top button