कोपागंज में सर्राफा व्यापारी से डकैती का खुलासा, पांच शातिर आरोपी गिरफ्तार

मऊ। जनपद थाना कोपागंज क्षेत्र में हुई सर्राफा व्यापारी से सनसनीखेज डकैती की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें और अवैध असलहे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से व्यापारियों और आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।

यह घटना दिनांक 13 जनवरी 2026 को उस समय हुई थी, जब पिढ़वल बाजार के सर्राफा व्यापारी जितेन्द्र वर्मा और बैजनाथ वर्मा अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे खाद गोदाम तड़ियाव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। बदमाशों ने अवैध पिस्टल और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और सोने-चांदी के आभूषणों की पुड़िया, नकदी तथा आभूषणों से भरा नीला बैग लूट लिया। घटना के बाद व्यापारियों में भय का माहौल बन गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री इलामारन द्वारा तत्काल सख्त निर्देश दिए गए और एसओजी, स्वाट, सर्विलांस, थाना कोपागंज व कोतवाली की कुल पांच विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर जनपद की सीमाओं तक करीब 325 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया, जिससे अपराधियों की गतिविधियों का सुराग मिला।

24 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी घोसी श्री जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में संयुक्त पुलिस टीम ने भातकोल रोड स्थित काछीकला अंडरपास के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल एक महिला आरोपी को भी मोहम्मदाबाद क्षेत्र से पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत यादव, अश्वनी यादव उर्फ मोहन यादव, राहुल चौहान, अमरेश चौहान और अंजली यादव उर्फ रुचि यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब 39.585 ग्राम सोने के आभूषण, 259.860 ग्राम चांदी के आभूषण, 15 हजार रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जेल में बंद सरगना की जमानत के लिए पैसों की जरूरत के चलते इस डकैती की योजना बनाई गई थी। इस मामले में कुल 12 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button