विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा दावे व आपत्तियां की गई प्राप्त : डीएम
रविवार को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर मतदाता सूची का किया गया प्रकाशन

रायबरेली। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत अब पहले चरण का काम पूरा होने के बाद मतदाताओं की सूची का प्रकाशन किया जा रहा है। जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत दावें और आपत्तियां प्राप्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा विशेष अभियान की तिथियां यथा- 18 जनवरी 2026 (रविवार), 31 जनवरी 2026 (शनिवार) तथा 01 फरवरी 2026 (रविवार) निर्धारित की गई है।
इसी क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 06 जनवरी 2026 को निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन के पश्चात् आयोग के निर्देशानुसार विशेष अभियान तिथियों के अन्तर्गत आज 18 जनवरी 2026 (रविवार) को जनपद में समाविष्ट छः विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों यथा 177-बछरावां (अ0जा0), 179-हरचन्दपुर, 180-रायबरेली, 181-सलोन (अ0जा0), 182-सरेनी एवं 183-ऊॅचाहार में विद्यमान समस्त मतदेय स्थलों/बूथों पर बूथ लेविल ऑफिसरों द्वारा उपस्थित होकर दावें और आपत्तियां प्राप्त की गयी। जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दृष्टिगत 180- विधानसभा सदर रायबरेली के अंतर्गत फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज व आचार्य द्विवेदी इण्टर कॉलेज में बने बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया व बीएलओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
समाजवादी पार्टी के बीएलए बूथों पर रहे मुस्तैद
रायबरेली। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम ( एसआईआर ) के बाद आई मतदाता सूची में कितने मतदाताओं के नाम कटे और कितने के जुड़ने हैं, इन सबका लेखा प्रस्तुत किया जा रहा है। रविवार को बूथों पर बीएलओ की तरफ से मतदाता सूची का प्रकाशन किया गयाा है।

मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बने रहें, इसको लेकर भी राजनैतिक पार्टियां काफी सर्तक हैं। रविवार को ऊंचाहार विधानसभा के रोहनियां ब्लाक के सभी बूथों पर सपा बीएलए ने एक-एक मतदाताओं के नाम देखे। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम नहीं है, उनके लिए फॉर्म-6 भी भरवाया। रोहनिया एसआईआर प्रभारी आर०पी० राजन ने बताया कि हम लोग बूथों पर अनवरत गहन परीक्षण कर रहे हैं।
विकास खंड रोहनियां के ग्राम पंचायत डिलौली विधानसभा ऊंचाहार के बूथ संख्या 264 व 265 के बीएलओ गीता शुक्ला व चिंता देवी एवं सुपरवाइजर अमितेश शुक्ला के साथ समाजवादी पार्टी के बीएलए राम अभिलाष यादव ने प्रकाशित वोटर लिस्ट का निरीक्षण किया। बीएलए राम अभिलाष यादव ने बताया कि मतदाताओं में जिनके नाम कटे हैं, उनको जोड़ा जा रहा है, वहीं मतदाता सूची ने जिनके नाम कटे हैं, उनको लेकर आपत्ति भी हम लोगों की तरफ से बीएलओ को दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के नाम जोड़वाना हमारी पहली प्राथमिकता है। एक भी समाजवादी वोटर्स का नाम नहीं कटने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं आए है, वे जरूर से जरूर फॉर्म-6 भर दें। बीएलओ स्वयं ही इस बार मतदाताओं को बढ़ा रहे हैं। उनको ऐप्स के जरिए मतदाताओं के नाम बढ़ाने का अधिकार दिया गया है।



