किसानों को बैंकिंग योजनाओं की मिली जानकारी
पीएनबीएफटीसी सैफई में एफएफडीसी कन्नौज के अधिकारियों ने बताए सुगंधित फसलों के लाभ

सैफई,इटावा। पंजाब नेशनल कृषक प्रशिक्षण केंद्र सैफई में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों,औषधीय एवं सुगंधित फसलों की खेती तथा बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पीएनबीएफटीसी के निदेशक विपिन कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुगंध एव स्वाद विकास केंद्र-एफएफडीसी, कन्नौज से आए संस्थान के सहायक निदेशक एपी सिंह ने किसानों को पुष्प की खेती, सिट्रोनेला, मेंथा,खस सहित अन्य सुगंधित एवं औषधीय फसलों की उन्नत खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन फसलों की मांग बाजार में लगातार बढ़ रही है और कम लागत में अधिक मुनाफा प्राप्त किया जा सकता है।
साथ ही खेती में आधुनिक तकनीक अपनाने,गुणवत्ता युक्त पौध सामग्री,सही समय पर रोपाई और वैज्ञानिक विधियों के उपयोग पर जोर दिया गया। वैज्ञानिक अधिकारी कमलेश कुमार ने भी किसानों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने उपस्थित किसानों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में परंपरागत खेती के साथ-साथ तकनीकी प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर आधुनिक कृषि,सुगंधित फसलें एवं स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को अपनाएं,जिससे आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की जा सके।
कार्यक्रम में पीएनबीएफटीसी के निदेशक विपिन कुमार यादव ने किसानों को बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बचत खाते,फसल बीमा, जीवन एवं दुर्घटना बीमा तथा गोल्ड लोन व कृषि ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि इन योजनाओं का सही उपयोग कर किसान अपने जोखिम को कम कर सकते हैं और खेती को लाभकारी बना सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन पीएनबीएफटीसी के कृषि विशेषज्ञ राजेश कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र को सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से किसानों के लिए उपयोगी बनाया। इस दौरान संस्थान के रवि यादव सहित अन्य सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



