एफटीए के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन

भारत-अमेरिका प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

जसवंतनगर,इटावा।भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में मॉडल तहसील परिसर में देश बचाओ मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र के बैनर तले किसानों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसीलदार अभिजीत गौरव को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने “भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौता वापस लो” और “किसान विरोधी नीति बंद करो” के नारे लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि प्रस्तावित समझौता लागू होने पर किसानों, खेत मजदूरों,पशुपालकों,छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इससे भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आर्थिक आत्मनिर्भरता को नुकसान होने की आशंका है।

किसानों ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित समझौते को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर देश बचाओ मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन संयुक्त रूप से व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।

प्रदर्शन में सनी माधव,प्रतीक यादव, सोबरन सिंह,धर्मेंद्र सिंह, राम अवतार,अवधेश, अजीत कुमार,राकेश कुमार,प्रदीप,सहदेव, सुभाष चंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button