सांसद डिम्पल यादव के जन्मदिन समारोह में केंद्र और प्रदेश सरकार पर टांडा विधायक ने बोला हमला
ईश्वर भक्ति नहीं,वोट भक्ति कर रही भाजपा: सपा विधायक राममूर्ति वर्मा

संवाददाता सुल्तानपुर
सुलतानपुर। जिले के सदर जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के डफलपुर में शिवेंद्र उर्फ संजय वर्मा के संयोजन में मैनपुरी सांसद डिंपल यादव का भव्य जन्मदिन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं अम्बेडकर नगर के टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा रहे, जिनके संबोधन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और राजनीतिक चेतना का संचार किया।पूर्व कैबिनेट मंत्री राममूर्ति वर्मा ने अपने संबोधन में कहाकि, आज बहुत लंबा भाषण देने की जरूरत नहीं है, सोहर होना चाहिए।
उन्होंने भाजपा की कथित “ईश्वर भक्ति की राजनीति” पर तीखा व्यंग्य भी किया और इसे दिखावटी बताया। मौजूद युवाओं से उन्होंने आह्वान कि पढ़ो-लिखो, आगे बढ़ो—ईश्वर की आराधना करने का समय बहुत है।
पढ़ाई, एकता और संघर्ष से सत्ता बदलेगी। राममूर्ति वर्मा ने कहा कि समाज और राजनीति में वास्तविक बदलाव तभी संभव है जब युवा शिक्षा को प्राथमिकता दें और जनता के मुद्दों पर संगठित होकर आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता ने आम आदमी को परेशान कर रखा है, जबकि सत्ता पक्ष धर्म और प्रतीकों की राजनीति कर वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटका रहा है।
पेरियार वर्मा ने मुफ्त राशन नीति पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं आत्मनिर्भर बनाने के बजाय निर्भरता बढ़ा रही हैं। “सरकार को दान नहीं, रोजगार देना चाहिए,” उन्होंने जोर देकर कहा। वक्ताओं ने समाजवादी विचारधारा की सराहना करते हुए कहा कि सपा ही वह राजनीतिक ताकत है जो पिछड़ों, दलितों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हितों की वास्तविक रक्षा कर सकती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने, जनता के बीच जाने और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. राम सहाय यादव, पूर्व विधायक अनूप संडा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव, जितेंद्र वर्मा उर्फ बाजीगर और देवतादीन निषाद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विचार रखे। संचालन एडवोकेट सलाउद्दीन खान ने किया। मुख्य अतिथि को 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।



