सपा प्रमुख ने साझा किया केदारेश्वर मंदिर का भव्य वीडियो
अदृश्य की प्रेरणा से आकार पाता है बड़ा काम: अखिलेश यादव

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने गृह जनपद इटावा में निर्माणाधीन भव्य केदारेश्वर मंदिर का नया वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। मंदिर की स्थापत्य कला और इसकी विशालता को दर्शाता यह वीडियो सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो के साथ अखिलेश यादव द्वारा लिखा गया दार्शनिक संदेश राजनीतिक और धार्मिक हलकों में गहरे अर्थों के साथ देखा जा रहा है।
सपा सुप्रीमो ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “जब कोई अदृश्य करवाता है, तभी ऐसा बड़ा काम आकार पाता है, दृश्यमान हो जाता है।” उनके इस संदेश को उनकी निजी आस्था और लोक कल्याण के प्रति समर्पण के तौर पर देखा जा रहा है। मंदिर निर्माण की प्रगति को जिस तरह से उन्होंने सार्वजनिक किया है, उसने समर्थकों के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है।
इटावा में बन रहे इस मंदिर को लेकर क्षेत्र की राजनीति एक बार फिर धर्म और विकास के इर्द-गिर्द केंद्रित हो गई है। जानकारों का मानना है कि इस वीडियो और संदेश के जरिए अखिलेश यादव ने एक सार्थक संकेत देने की कोशिश की है। जहाँ सपा समर्थकों में इस भव्य निर्माण को लेकर खुशी है, वहीं विपक्षी दलों में भी इस नई सक्रियता को लेकर हलचल तेज हो गई है।
निर्माणाधीन केदारेश्वर मंदिर अपनी खास बनावट और भव्यता के कारण न केवल इटावा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद इटावा को एक नई धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।



