जयपुर में प्राइवेट नौकरी करने वाले युवक ने लगाई फांसी
गांव परिजनों में मचा कोहराम

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी 33 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जयपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार की शाम की बताई जा रही है। युवक का शव जब शुक्रवार शाम उसके पैतृक गांव कैस्त पहुंचा तो पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक की पहचान दीपक पुत्र जवर सिंह पाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपक जयपुर के बहरोड़ क्षेत्र में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसकी पत्नी रेखा भी उसी कंपनी में कार्यरत है। गुरुवार की शाम दीपक घर पर अकेला था। उसकी पत्नी और दोनों बच्चे आरोही और दक्ष बाजार गए हुए थे। इसी दौरान लगभग शाम चार बजे दीपक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी पड़ोसियों को होने पर उन्होंने तुरंत उसकी पत्नी को सूचित किया। इसके बाद बहरोड़ पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शुक्रवार शाम जब शव गांव कैस्त पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई रोहित है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।



