साँई बाबा की पालकी पदयात्रा में उमड़ा भक्ति का सैलाव
21वें साँई वार्षिकोत्सव पर निकाली गई साँई पालकी यात्रा

भरथना,इटावा। ‘‘एक-दो-तीन-चार, साँई तेरी जय-जयकार‘‘ के गगनभेदी उद्घोषों व ढोल नंगाडों की समधुर ध्वनियों के साथ रंग-बिरंगे सुगन्धित पुष्पवर्षा के बीच छोला मन्दिर प्रांगण में भ्रमण को निकली श्री साँई बाबा की पालकी पदयात्रा में भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाकर समूचे मन्दिर परिसर को साँई की भक्ति में सरावोर कर दिया। जहाँ श्रद्धालु महिला-पुरूष भक्तजनों ने साँई बाबा का पूजन अर्चन कर उनका गुणगान किया। वहीं युवा भक्त साँई की ध्वनियों पर जमकर थिरके।
भरथना कस्बा के विधूना रोड स्थित शक्तिपीठ श्री बालरूप हनुमान जी महाराज हनुमान गढी (छोला मन्दिर) के प्रांगण में स्थापित श्री साँईधाम के 21वें साँई वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी श्री साँई बाबा की पालकी पदयात्रा छोला मन्दिर परिसर में भ्रमण को निकाली गई। पालकी भ्रमण के दौरान सैकडों महिला-पुरूष साँई भक्तों ने बाबा की पालकी को कन्धा देकर पूजा अर्चना कर सम्पूर्ण जगत के सर्वमनोरथ पूर्ण होने की कामना की।
बाबा की पालकी का शुभारम्भ गुरूवार की सुबह आचार्य द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सम्पन्न कराया गया। साथ ही मंगल स्नान व हवन पूजन अर्चन के उपरान्त भक्तों के दर्शनार्थ मन्दिर प्रांगण में भ्रमण को निकाली गई। ढोल नंगाडों की संगीतमयी ध्वनियों के साथ बाबा की पालकी श्री बालरूप हनुमान मन्दिर,शिव मन्दिर, श्री रामदरबार,राधाकृष्ण मन्दिर,माँ कैला देवी,दुर्गा देवी,श्री खाटूश्याम आदि सहित समूचे मन्दिर प्रांगण में भ्रमण करती हुई साँईधाम पहुँची।
तदुपरान्त सांय छोला मन्दिर प्रांगण में आयोजित विशाल भण्डारे में सभी भक्तों ने बाबा का पूडी-सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर आर्शीवाद लिया। पालकी में मौजूद भक्तजनों ने साँई बाबा के गगनभेदी जयघोषों से समूचा मन्दिर प्रांगण साँई की भक्ति से गुंजायमान कर दिया। पालकी के दौरान समिति अध्यक्ष रूपकिशोर गुप्ता (रूपे),प्रबन्धक राजू चौहान,राजेश चौहान, साँईमित्र मण्डल कार्यक्रम संयोजक डा.अभिनव दुबे (छोटू),संजीव श्रीवास्तव, विकास दीक्षित (दीपू),डा. अभिषेक दुबे,श्याम वर्मा, रामजी श्रीवास्तव,दीपू चौहान,सतीश यादव,राजू गुप्ता,गोपी अग्रवाल सहित सैकडों समिति पदाधिकारियों के साथ महिलाओं व बच्चों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।



