दलित युवक से दबंग कर बैठे मारपीट, गाली-गलौज
मारपीट,गाली-गलौज में घायल युवक ने चार के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम भैंसान में एक युवक के साथ जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी की गंभीर घटना सामने आई है। उक्त गांव निवासी पीड़ित अवनीश उर्फ छग्गे पुत्र सेवाराम ने थाना पहुंचकर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
अवनीश के मुताबिक घटना 4 दिसंबर की शाम करीब साढ़े 5 बजे की है। वह अवधेश कुमार के घर के बाहर खड़ा था, तभी अश्वनी पुत्र रामभगवान,जितेंद्र पुत्र वेचेलाल, नितिन पुत्र रामभगवान और रघुराजप्रताप पुत्र अशोक कुमार वहां पहुंचे और उसे भद्दी-भद्दी जातिसूचक गालियां देने लगे। शोर सुनकर उसका भाई कुलदीप बचाने आया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों भाई खेतों की ओर भागे।
इस संबंध में सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



