वेव सिटी में 24.85 लाख की लूट का खुलासा, मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में 21 अगस्त को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों द्वारा की गई 24 लाख 85 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से पांच लाख रुपये, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक बरामद की है।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्रीपाल ने बताया कि 21 अगस्त को मेरठ निवासी गिलमान से वेव सिटी थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 24 लाख 85 हजार रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

मंगलवार को स्वाट टीम अपराध शाखा को सूचना मिली कि लूट की वारदात में वांछित आरोपी बाइक से वेव सिटी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजा जी रोड पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए।

पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाश बाइक छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दाम (20) पुत्र आफाक, निवासी नीलमणि कॉलोनी, अर्थला, थाना साहिबाबाद तथा आसिफ (38) पुत्र एहसान, निवासी फदल्लेपुर रोड, बाबू भारती गली नंबर-35, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और लूट की वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश जारी है। बरामदगी और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button