सामूहिक विवाह में 122 जोड़ों ने लिए सात फेरे

वर बधू ने नवदंपति के साथ जीने की ली शपथ

इटावा। इटावा में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में हुए इस समारोह में कुल 122 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनमें एक मुस्लिम जोड़ा भी शामिल था। हिंदू रीति-रिवाजों से 121 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का निकाह मौलवियों द्वारा कराया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक सरिता भदौरिया ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और घर के बड़े-बुजुर्गों की सेवा को जीवन का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि परिवार में सम्मान और सौहार्द से ही समाज में भी आदर प्राप्त होता है। सरिता भदौरिया ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों की शादी के लिए परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करती है। साथ ही, यह सामाजिक समानता और एकता को भी मजबूत बनाती है। सरकार की मंशा है कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित हों। जिला अधिकारियों ने योजना के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पात्र परिवारों को एक लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि मिलती है। इसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में जमा किए जाते हैं,25 हजार रुपये का आवश्यक घरेलू सामान दिया जाता है, और 15 हजार रुपये भोजन व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च होते हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक भरथना सावित्री कठेरिया,जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव,जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल,डीएसडब्ल्यूओ विकास प्रिया शर्मा,जिला सूचना अधिकारी नीलम यादव और खण्ड विकास अधिकारी चकरनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button