आरोप: सब्जी की दुकान में रंजिशन लगाई आग
लकड़ी का खोखा जलकर हुआ राख

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा के इटावा रोड स्थित मोहल्ला कृष्णा नगर बम्बा पुलिया पर बीती रात्रि करीब 3 बजे आस पास आवासीय पड़ोसियों में उस समय हाहाकार मच गया जब पास में रखे एक लकड़ी के खोखा से धू-धूकर भीषण आग की लपटें उठने लगी।
लकड़ी के खोखा में ग्राम नगला खरगजीत निवासी गरीब किसान बलराम सिंह 45 वर्ष पुत्र वाजपेई यादव सब्जी बिक्री कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
सब्जी की दुकान में भीषण आग की लपटें देख पड़ोसियों ने पुलिस को आग लगने की सूचना देकर अपने निजी संसाधन समरसेविल चलाकर पानी डाल कर करीब एक घंटे में भीषण आग पर व मुश्किल से काबू पाया।
घटना की सूचना पर अपने गांव से मौके पर पहुंचे खोखा स्वामी सब्जी विक्रेता बलराम सिंह ने कस्बा के मोहल्ला केवट नगर निवासी एक नामजद युवक पर रंजिशन उसकी दुकान में आग लगाने का आरोप लगाते हुए बताया की नामजद आरोपी पहले कई बार उसको दुकान बन्द करने के लिए धमका चुका था,जबकि नामजद आरोपी ने रंजिशन बम्बा पटरी के फुटपाथ पर अपनी सब्जी बिक्री की दुकान खुलवा चुका है,जिसका उसके द्वारा कभी कोई विरोध नहीं किया गया,बाबजूद नामजद युवक उससे रंजिश मानता चला आ रहा है,उसी के द्वारा उसकी दुकान को आग के हवाले किया गया है।
जिसके सम्बन्ध में उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। अग्नि पीड़ित बलराम सिंह के अनुसार अग्नि कांड में उसका 30 हजार रूपए कीमती लकड़ी का खोखा,10 हजार रूपए का लकड़ी का टटर,प्लास्टिक की 15 किरेटे,20 हजार रूपए की सब्जियां आलू, टमाटर,गोभी,लहसुन,प्याज, पालक,अदरक,कांटा आदि सब्जियां जलकर राख हो गईं हैं। घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग टीम ने निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू करदी है।



