लाखों के आभूषण नगदी से भरा खोया बैग दो घंटे में मिला
पुलिस की सतर्कता से खोया लाखों का बैग मिला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने ईमानदारी और सतर्कता की मिसाल पेश की है। शनिवार को एक बैग, जिसमें लाखों रुपये के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन समेत कीमती सामान रखा था, मात्र दो घंटे में बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया गया। बैग मिलने के बाद मालिक दीपक सिंह पाल ने जसवंतनगर पुलिस की सराहना की।
दीपक सिंह पाल किसी काम से बस स्टैंड के सामने स्थित एक मैरिज होम के पास पहुंचे थे। उन्होंने अपना कीमती सामान से भरा बैग एक वाहन की छत पर रख दिया था। काम निपटाकर लौटते समय वह बैग लेना भूल गए। कुछ दूरी जाने के बाद उन्हें बैग का ध्यान आया, लेकिन तब तक वाहन इटावा की ओर निकल चुका था और बैग गायब था। घबराए दीपक ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
सिपाही अंकित कुमार और अवनीश यादव सहित पुलिस कर्मियों ने संबंधित मार्ग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलाके में तलाश अभियान शुरू किया।लगभग दो घंटे की लगातार खोजबीन के बाद पुलिस को सफलता मिली और बैग सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। जांच में बैग में रखी नकदी, ज्वेलरी व मोबाइल फोन सहित सभी सामान सुरक्षित मिला। औपचारिकताएं पूरी कर बैग मालिक को सौंप दिया गया।
दीपक सिंह पाल ने पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और मेहनत की प्रशंसा की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस की कार्यशैली की खूब चर्चा हो रही है।



