धरबार में कैरियर गाइडेंस मेला आयोजित

विशेषज्ञों ने छात्रों को दिखाया भविष्य का मार्ग

जसवंतनगर,इटावा। राजकीय इंटर कॉलेज धरबार में कैरियर गाइडेंस मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का बुके भेंट कर एवं पटका पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधानाचार्य सत्येंद्र दुबे उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर सुरेश राजपूत, कनौजी लाल, अमरपाल, समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य तथा विधिक सेवा प्राधिकरण से पीएलवी लालमन बाथम मंचासीन रहे। कार्यक्रम में अतिथि अध्यापकगण ने छात्र छात्राओं को यह बताया कि शिक्षक बनने के लिए किन-किन योग्यताओं, परीक्षाओं और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। उन्होंने टीईटी, सीटीईटी, बीएड, बीटीसी सहित भर्ती प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी देकर छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि इंटर के बाद छात्र सोशल वर्क, पत्रकारिता एवं कानून की डिग्री लेकर समाजसेवा, मीडिया, कानूनी परामर्श, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, सामाजिक विकास और एनजीओ कार्यों सहित अनेक क्षेत्रों में शानदार करियर बना सकते हैं। उन्होंने बच्चों को भविष्य के लक्ष्य तय कर मेहनत और अनुशासन को अपनाने का संदेश दिया।

मेले में विभिन्न विषयों पर छात्र छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोस्टर और मॉडल लगाए गए थे। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और छात्रों की रचनात्मकता की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं तकनीक से जुड़े मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राधा मोहन श्रीवास्तव ने की। प्रवक्ता नंदू मिश्रा सहायक अध्यापक रमेश चंद्र यादव, रानी देवी, प्रशांत कुमार व लिपिक रमेश यादव का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

Related Articles

Back to top button