राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाला सड़क मार्ग गड्ढों में तब्दील
कचौरा बाईपास से आगरा,मध्य-प्रदेश और राजस्थान को जोड़ने वाला मार्ग जर्जर:विभाग मूकदर्शक

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग से कचौरा घाट बाईपास होकर आगरा जिले के साथ-साथ मध्यप्रदेश और राजस्थान को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग इन दिनों बदहाली की भेंट चढ़ चुका है। क्षेत्र के चक सलेमपुर और श्यामनगर गांव के पास सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग क्षेत्र के लिए न केवल वाणिज्यिक दृष्टि से बल्कि स्कूली वाहनों और ग्रामीण यातायात के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है।
रोजाना सैकड़ों ट्रक और डंफरो का पिनाहट होते हुए राजस्थान राज्य के धौलपुर की तरफ जाना होता है इसके अलावा निजी वाहन भी इस मार्ग से गुजरते हैं, जिनमें दो दर्जन से अधिक स्कूली बसें और सैकड़ों दोपहिया वाहन शामिल हैं। गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे चोटें लगना आम बात हो गई है। चार पहिया वाहन चालकों को भी झटकों से वाहनों के पार्ट्स टूटने और खराब होने की समस्या झेलनी पड़ रही है।
राहगीर ध्रुव सिंह, योगेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मोहनलाल, खेम सिंह, उमाशंकर और रामनरेश का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत से गंभीर हादसों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि विभाग को कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, मगर अभी तक कोई ठोस सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ है। लगातार बारिश और भारी वाहनों की आवाजाही से गड्ढे और ज्यादा गहरे होते जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो यह मार्ग पूरी तरह जानलेवा साबित हो सकता है।
जब इस संबंध में प्रांतीय खंड के जेई अभिषेक कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि फिलहाल छिमारा रोड का निर्माण कार्य जारी है और वहीं पर प्लांट लगा हुआ है। जैसे ही वह कार्य पूरा होगा, वैसे ही बस स्टैंड चौराहे से लेकर लखेरे कुआं पुलिस चौकी तक का सड़क मार्ग पूरी तरह नया बनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग को प्राथमिकता में लेते हुए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए,ताकि क्षेत्रवासियों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम हो सके।



