हॉस्पिटल की लापरवाही से मरीज को हुआ इंफेक्शन
पीड़ित के पति ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय और कार्रवाई की गुहार

इटावा। इटावा जनपद के कोकपुरा शाला स्थित एक नामजद हॉस्पिटल में
ऑपरेशन के बाद महिला मरीज को गंभीर संक्रमण होने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने हॉस्पिटल प्रशासन और जिम्मेदार चिकित्सकों पर लापरवाही का गम्भीर आरोप लगाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय दिलाने और हॉस्पिटल के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार,भरथना निवासी होशियार सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर मुख्य चिकित्साधिकारी और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
शिकायतकर्ता होशियार सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी मीता का जनपद के कोकपुरा शाला में स्थित एक नामजद हॉस्पिटल में चिकित्सकों के परामर्श के बाद इसी हॉस्पिटल के एक नामजद चिकित्सक द्वारा बच्चेदानी (गर्भाशय) का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद से ही उनकी पत्नी को गंभीर इंफेक्शन हो गया,लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने न तो उचित इलाज किया और न ही इंफेक्शन को रोकने के कोई ठोस कदम उठाए।
पीड़ित महिला मीता का कहना है कि हॉस्पिटल प्रशासन और चिकित्सकों की लापरवाही से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। जब परिवार ने अन्य हॉस्पिटल में जांच कराई तो इंफेक्शन की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि उक्त दोषी नामजद हॉस्पिटल की उच्च स्वस्थ टीम द्वारा जांच कर हॉस्पिटल और उसके जिम्मेदार चिकित्सकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसी घटना न हो सके।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार,जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



