कटघर थाना क्षेत्र में परी रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, संचालक की मां की मौत फैली अफरातफरी

मंडल मुरादाबाद प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित परी रेस्टोरेंट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में तीन मंजिला इमारत धुएं से भर गई। इस हादसे में रेस्टोरेंट संचालक की मां माया श्रीवास्तव की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, प्रेम वंडर लैंड के सामने प्रदीप श्रीवास्तव का तीन मंजिला मकान है, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर वह अपनी बेटी के नाम से परी रेस्टोरेंट चलाते हैं। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे रेस्टोरेंट बंद हो चुका था।
उसी दौरान रसोई में अचानक आग भड़क उठी। रसोई में मौजूद कारीगर अजय किसी तरह ऊपर की ओर भागा, लेकिन इससे पहले कि परिवार कुछ समझ पाता, रसोई में रखे चार-पांच गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फट गए।आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई, जिससे परिवार के सदस्य फंस गए। धुआं फैलने से सांस लेना मुश्किल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
इस दौरान कुछ लोग जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से कूद पड़े, जिससे वह घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां संचालक की मां की मौत हो गई।घायल शिवानी , बेटी परी, बहन साधना , बहनोई सचिन, कारीगर अजय, बेटे वैभव और भांजे वंश का उपचार चल रहा है।परिवार ने आशंका जताई है कि आग आतिशबाजी की चिंगारी से लगी।वहीं एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आग के सही कारणों की जांच फायर विभाग की टीम कर रही है।



