ग्राम प्रधान नाहल और उनके पुत्रों के खिलाफ हमला व फायरिंग का मुकदमा दर्ज,

मसूरी (गाजियाबाद)। थाना मसूरी क्षेत्र के ग्राम नाहल में प्रधान पद को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद अब बड़े विवाद का रूप ले चुका है। ग्राम नाहल के मौजूदा प्रधान तसव्वर अली और उनके पांच बेटों पर ग्राम प्रधान प्रत्याशी तरीकत अली के घर में घुसकर हमला और फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित तरीकत अली ने बताया कि ग्राम प्रधान तसव्वर अली के बेटों — शहरोज, इसराईल, मोहसिन, शाहरूख और जिशान — ने एक साजिश के तहत उनके परिवार पर हमला किया। आरोप है कि प्रधान के बेटे शहरोज ने पीड़ित की मां और बहन के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गालियां दीं और उसकी रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

पीड़ित ने बताया कि इस घटना की शिकायत 19 अगस्त 2025 को चौकी और थाना मसूरी में दी गई थी, लेकिन किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया तो प्रधान पक्ष के लोगों ने उनकी पिटाई की और फायरिंग कर दी।

पीड़ित तरीकत अली ने कहा कि घटना के बाद मौके से खोखे भी बरामद हुए, बावजूद इसके मसूरी थाना पुलिस ने उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर दिया, जिससे उन्होंने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है।

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी लिपी नगायच ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान तसव्वर अली और उनके बेटों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पीड़ित ने पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी और मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम नाहल में पिछले कुछ समय से प्रधान पद को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है, और यह घटना उसी विवाद का नतीजा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button