बस स्टैंड चौराहे पर चला यातायात अभियान

दो दर्जन से अधिक वाहनों के कटे चालान

जसवंतनगर,इटावा। नगर के बस स्टैंड चौराहे पर मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया। लगातार बढ़ रहे जाम और नियम उल्लंघन की शिकायतों को देखते हुए की गई इस कार्रवाई में दो दर्जन से अधिक वाहनों के चालान किए गए। अभियान के दौरान 45 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।

कार्यवाही का नेतृत्व सीओ आयुषी सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान थ्री व्हीलरों में एक्स्ट्रा सीट लगाकर सवारियां ढोने वालों और खुले डाले में यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, बिना शूज और सीट बेल्ट न लगाने वाले चालकों के चालान किए गए। सीओ ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे।

इस दौरान थानाध्यक्ष कमल भाटी,कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने चालकों को चेतावनी दी कि अगली बार नियम तोड़ने पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।सीओ आयुषी सिंह ने आम जनता से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखें,ताकि शहर को जाम और हादसों से मुक्त रखा जा सके।

Related Articles

Back to top button