भतीजे ने चाचा को मारी गोली, पालतू कुत्ते को दफनाने के विवाद में ली जान

मंडल मुरादाबाद फरवरी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर शाहजहांपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। मामूली विवाद में भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र के बाडूजई प्रथम मोहल्ले का है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले घर के पालतू कुत्ते को दफनाने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश में भतीजे ने चाचा को मौत के घाट उतार दिया।
बीती रात मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी प्रमोद (40 वर्ष) घर पर बैठे थे। इसी दौरान उनका भतीजा विवेक तमंचा लेकर आया और अचानक उन पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही प्रमोद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आवाज सुनते ही पत्नी सीमा और परिजन दौड़े, तो घर के अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था। प्रमोद खून से लथपथ पड़े थे। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर सीओ सिटी पंकज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के बड़े भाई विनोद ने बताया कि करीब 15 दिन पहले घर का पालतू कुत्ता मर गया था। प्रमोद ने विवेक से कहा था कि वह कुत्ते को नदी किनारे दफनाने में मदद करे, लेकिन विवेक ने इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई थी। परिवार ने तब मामला शांत करा दिया था, पर विवेक ने मन में रंजिश रख ली थी, जो अब खूनी रूप में सामने आई।
सीओ सिटी पंकज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। आरोपी विवेक फरार है, उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



