बच्चों के बीच अपने को रोक नहीं पाए बीएसए, साथ बैठकर किया भोजन
बीएसए ने निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ चखा मध्यान्ह भोजन का स्वाद

रायबरेली। बेसिक शिक्षा अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद नवागंतुक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुधवार को परिषदीय विद्यालयों की हकीकत जानने के लिए निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में लंच का समय होने के कारण वे अपने को रोक नहीं पाए और बच्चों के साथ में बैठकर एमडीएम का स्वाद चखने लगे। बछरावां ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर में बारिश की वजह से जमा गंदगी पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान बीएसए को एक अनुदेशक अनुपस्थित मिली तो प्रधानाध्यापक का हस्तांतरित चार्ज नहीं मिला। इस नाराज होते हुए उन्होंने व्यवस्था को सुधारने का निर्देश दिया।
बीएसए का पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को जिले के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण करने के लिए बीएसए राहुल सिंह बछरावां ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण करने के लिए पहुँचे। बछरावां विद्यालय के कम्पोजिट विद्यालय सरौरा विद्यालय का निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई के निर्देश दिए। कम्पोजिट विद्यालय नीमटीकर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों के साथ एमडीएम भी किया।
जहां पर मेन्यू के हिसाब से तहरी बनी हुई थी जिसकी गुणवत्ता चेक करने के लिए उन्होंने बच्चों के साथ तहरी खाई। भोजन की गुणवत्ता बेहतरीन पाए जाने पर रसोइया की प्रशंसा भी की। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण के दौरान बच्चों से अंग्रेजी में गिनती सुनी। बच्चों के गिनती सुना ले जाने पर प्रशंसा की। विद्यालय में नामांकित 329 छात्रों के सापेक्ष 166 बच्चे ही उपस्थित मिले। जिस पर नाराजगी जताते हुए बीएसए ने बच्चों की छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निपुण लक्ष्य के हिसाब से बच्चों की पढ़ाई पर जोर दिया।
बीएसए ने शिक्षकों से प्रतिदिन कार्य योजना बनाकर शिक्षण कार्य करने के लिए कहा।
विद्यालय में अनुदेशक पूजा 18 सितंबर से अनवरत बिना किसी सूचना के अनुपस्थिति पाई गई। वहीं, प्रधानाध्यापक के सीसीएल पर होने के बाद भी कोई भी चार्ज हस्तांतरण नहीं किया गया था, इस पर बीएसए ने यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा। नीमटीकर में शिक्षकों ने बताया कि सफाई कर्मचारी नहीं आता है। इस पर उन्होंने अधिकारियों से बात करके विद्यालय में सफाई कराने की बात कहीं। इसके अलावा बीएसए ने कस्तूरबा विद्यालय हरचंदपुर का निरीक्षण करके वहां की व्यवस्था को देखा। यहां उन्होंने बच्चों के पढ़ाई कक्ष से लेकर हॉस्टल भी देखा।
इसके अलावा बच्चों के बन रहे भोजन को भी चेक किया। रसोईघर का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने वहां पर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। बीएसए राहुल सिंह ने मीडिया को बताया कि शिक्षा गुणवत्ता और विद्यालयों का आवरण बेहतर बनाने के लिए खण्ड शिक्षाधिकारियों को अनवरत निरीक्षण करते रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जहां पर भी कमियां हैं उनको दूर करने के लिए निर्देशित भी किया गया है ताकि व्यवस्था को सुदृढ़ व पठन-पाठन के माहौल को बेहतर बनाया जा सके।
अधिकारी को अपने बीच पाकर खुश हुए बच्चे
रायबरेली। विद्यालय निरीक्षण के दौरान अपने बीच बीएसए को पाकर बच्चे भी बहुत खुश हुए। वहीं, छोटे-छोटे बच्चों देखकर बीएसए को भी अपना बालपन याद आ गया। जब विद्यालय में अपने दोस्तों के साथ में भोजन किया करते थे। बच्चे अपने बीच में अधिकारी को भोजन करता देख खुश हुए और उन्होंने उनके साथ में भोजन भी किया। बता दें, बीएसए राहुल सिंह का बीएसए के तौर पर विद्यालयों के निरीक्षण का पहला दिन था। और उन्होंने पहले ही दिन बच्चों के बीच अधिकारी और कर्मचारी की खाईं को पाटने के लिए बच्चों के साथ मिलकर भोजन किया। बीएसए राहुल सिंह पांच साल तक अमेठी जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी में प्रधानाचार्य रहे हैं। पांच वर्षों का विद्यालय चलाने का अनुभव होने की कारण उन्हें कुशल विद्यालय के संचालन की कुशलता प्राप्त हैं।



