आरेडिका में श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया गया विश्वकर्मा पूजन समारोह

रायबरेली। आधुनिक रेल कोच कारखाना लालगंज में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधि-विधान के साथ पूजन समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आरेडिका महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने सभी प्रधान मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी प्रतिनिधि यूनियनों, एसोसिएशनों तथा आरेडिका महिला कल्याण संगठन की सभी सदस्याओं के साथ विश्वकर्मा पूजा कर कारखाने की उन्नति, विकास एवं सुरक्षा की कामना की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हवन में आहुतियां देकर भगवान विश्वकर्मा से विश्व शान्ति एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की।
आरेडिका के कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्य स्थल पर साफ-सफाई कर भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर पर माला एवं फूल चढाकर औजारों और मशीनों की पूजा की तथा सभी कर्मचारियों तथा उनके परिवार के सदस्यों एवं संविदा कर्मियों के लिए नव निर्मित बोगीशॉप में विशाल भण्डारे की व्यवस्था की गयी। आरेडिका प्रशासन तथा रेलवे सुरक्षा बल द्वारा लोगों के आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किये गये। जिससे आगुन्तकों को किसी भी प्रकार की अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े।



