सोशल मीडिया पर उठाए गए मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना में दिलाया लाभ

मऊ। घोसी लोकसभा क्षेत्र के लालनपुर गांव की गरीब महिला लालती देवी का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। लालती देवी, जिनके पास सिर ढकने को पक्का छत तक नहीं था, आज प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्र सूची में शामिल हो चुकी हैं। यह संभव हुआ घोसी सांसद राजीव राय की पहल और संवेदनशीलता से।
बीते दिनों एक युवक ने लालती देवी की दयनीय स्थिति का दर्द सोशल मीडिया पर उजागर किया था। युवक ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मिलकर बताया कि लालती देवी के पास पक्का घर नहीं है और आर्थिक तंगी इतनी है कि परिवार का गुजर-बसर मुश्किल हो रहा है। यही पोस्ट सांसद राजीव राय तक पहुंची। सांसद ने इसे अनदेखा न करते हुए गंभीरता से लिया और तुरंत मदद का भरोसा दिया।
मानसून सत्र समाप्त होते ही सांसद जब क्षेत्र में लौटे, तो सबसे पहले लालती देवी के मामले पर कदम उठाया। अधिकारियों से बात कर जांच कराई गई और लालती देवी को पात्र पाते ही उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज करा दिया गया।
सांसद राजीव राय खुद लालती देवी के घर पहुंचे।
पीएम मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के विरोधियों पर साधा निशाना, इन राज्यों के बुजुर्गों से मांगी माफी
वहां उन्होंने देखा कि बदहाली में जिंदगी जी रही इस महिला की एक बेटी विवाह योग्य है, लेकिन आर्थिक तंगी और पक्का मकान न होने के कारण उसका विवाह भी अटका हुआ है। इस पर सांसद ने न सिर्फ लालती देवी को आवास योजना का पत्रक सौंपा, बल्कि तत्काल आर्थिक सहयोग भी किया। उन्होंने यह भी वादा किया कि बेटी के विवाह का पूरा खर्च वे खुद उठाएंगे।
इस दौरान सांसद ने उस युवक का भी उत्साहवर्धन किया जिसने लालती देवी की समस्या को सोशल मीडिया पर उठाया था। राजीव राय ने कहा कि ऐसे संवेदनशील लोग ही समाज की असली ताकत हैं, क्योंकि उनकी जागरूकता से जरूरतमंदों तक सरकार की योजनाएं पहुंच पाती हैं।
लालती देवी की आंखों से उस वक्त खुशी के आंसू छलक पड़े जब उन्हें भरोसा हुआ कि अब उनका भी अपना पक्का घर होगा और बेटी का विवाह भी संपन्न होगा। यह कहानी केवल एक महिला की खुशियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि जब जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को अपना समझें, तो बदलाव संभव है। – सुजीत कुमार मऊ।



