विशेष शिविर में 9 श्रमिकों का पंजीकरण, चार ने शिक्षा सहायता योजना के लिए किया आवेदन

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड सभागार में श्रम विभाग के तत्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय श्रमिक पंजीकरण,नवीनीकरण, फैमिली आईडी एवं संत रविदास शिक्षा सहायता योजना से संबंधित विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन भी स्वीकार किए गए।

श्रम विभाग के प्रधान सहायक देवेंद्र कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान नौ श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण किया गया। वहीं आठ श्रमिकों की फैमिली आईडी बनाई गई। संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत चार पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त हुए। शिविर में श्रमिकों के बच्चों को मिलने वाली छात्रवृत्ति और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि जिन श्रमिकों का अभी तक श्रमिक कार्ड नहीं बना है,वे शीघ्र श्रम विभाग,इटावा पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं,ताकि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभाग लगातार विशेष शिविर आयोजित कर रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं दिहाड़ी मजदूर परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

शिविर में कंप्यूटर ऑपरेटर मनीष तिवारी,जन सेवा श्रमिक समिति के मुन्नालाल माहौर एवं सुरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button