इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने बढ़ाया समाज का मान
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक को मिलेगा 5 सितंबर को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान

ताखा,इटावा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नवाचारों के लिए प्राथमिक विद्यालय ताखा के इंचार्ज प्रधानाध्यापक वीरेन्द्र कमल का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। आगामी 5 सितंबर,शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार,क्षेत्रवासियों के साथ ही कोरी समाज में भी खुशी की लहर है।
वीरेन्द्र कमल ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा को केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित न रखते हुए बालिका शिक्षा,दिव्यांग बच्चों की शिक्षा,शैक्षिक नवाचार,खेलकूद और तकनीकी शिक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
100 बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा
बालिका शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने विशेष प्रयास करते हुए विद्यालय से बाहर रहने वाली करीब 100 बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं समेकित शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अपने विद्यालय के साथ-साथ अन्य विद्यालयों के दिव्यांग विद्यार्थियों को भी न्याय पंचायत,तहसील,ब्लॉक एवं जनपद स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराया।
विद्यालय-शैक्षिक और भौतिक परिवेश बनाया उत्कृष्ट
विद्यालय के भौतिक एवं शैक्षिक परिवेश को बेहतर बनाने के साथ उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति को सक्रिय रखने और समुदाय के सहयोग से विद्यालय के विकास पर विशेष जोर दिया। शिक्षण कार्य में आईसीटी,दीक्षा एप और विभिन्न शिक्षण एप्लीकेशनों का प्रयोग करते हुए गतिविधि आधारित शिक्षण एवं विभिन्न शैक्षिक नवाचारों को बढ़ावा दिया।
विज्ञान एवं गणित शिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए विज्ञान एवं गणित किट का प्रयोग कराया गया। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न शैक्षिक अवसरों के लिए भी तैयार किया गया।
छात्रों की उपलब्धियों में योगदान
विद्यालय के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा, इंस्पायर अवार्ड,नवोदय विद्यालय की कक्षा-9 में चयन तथा श्रेष्ठ योजना में चयन होता रहा है। स्काउट-गाइड के क्षेत्र में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने राज्य पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इसके अलावा विद्यालय में बच्चों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण भी दिलाया गया,जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना विकसित हुई।
कई बार हो चुके हैं सम्मानित
वीरेन्द्र कमल को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए ग्राम शिक्षा समिति, तहसीलदार, उपजिलाधिकारी ताखा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी,खंड शिक्षा अधिकारी,जिला समन्वयक समेकित शिक्षा,जिला समन्वयक बालिका शिक्षा,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा एडी बेसिक शिक्षा सहित विभिन्न स्तरों पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जा चुका है।
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होना उनकी वर्षों की मेहनत,नवाचार और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि ने प्राथमिक विद्यालय ताखा के साथ-साथ ताखा क्षेत्र और कोरी समाज का मान भी बढ़ाया है।



