ओवरब्रिज के नीचे निकला 10 फीट लंबा अजगर
=टहलने निकले लोगों की पड़ी नजर,वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू,

जसवंतनगर,इटावा।कचौरा बाईपास स्थित ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार की अलख सुबह करीब आठ से दस फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही अजगर पर पड़ी,वे सहम गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने अजगर का वीडियो बनाकर सूचना वन विभाग को दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गौतम,आदित्य, गुलशन,निखिल,सूरज, अरविंद कुमार,विशाल और अंश समेत अन्य लोग ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास करीब आठ से दस फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर लोगों में अफरातफरी मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर वन विभाग की टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानी पूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अजगर के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। कई लोगों ने मोबाइल से अजगर के रेस्क्यू का वीडियो भी बनाया। वन विभाग की टीम की सतर्कता से अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।



