तेल के लिए तरसेगी पूरी दुनिया?! स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी पर ईरान की दो-टूक, अमेरिका के उड़े होश!

Strait of Hormuz closure: पश्चिम एशिया में सैन्य और कूटनीतिक तनाव एक बार फिर बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है। वाशिंगटन के साथ जारी तनातनी के बीच ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक उसकी तमाम शर्तें पूरी नहीं की जातीं, तब तक दुनिया के सबसे अहम समुद्री तेल मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) को बंद रखा जाएगा। ईरानी सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातमी ने नौसेना दिवस के अवसर पर चेतावनी भरे लहजे में कहा कि तेहरान की नौसेना ने होर्मुज और ओमान की खाड़ी में नाकेबंदी कायम रखते हुए अपने विरोधियों की कमजोरियों को बेनकाब किया है।

उन्होंने हमलों में जान गंवाने वाले ईरानी नाविकों की मौत का बदला लेने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि ईरान किसी भी सैन्य दुस्साहस का माकूल जवाब देने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। इससे पहले विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने भी समुद्री सीमा और रणनीतिक हितों की रक्षा में नौसेना की मुस्तैदी को रेखांकित किया था।

तनाव की तपिश उस वक्त और बढ़ गई जब ईरानी सरकारी मीडिया ने आरोप लगाया कि दक्षिणी ईरान के सिरिक काउंटी के नजदीक होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अमेरिकी ड्रोन ने मछली पकड़ने वाली असैन्य नाव को निशाना बनाया। इस नाव पर तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो घायल नाविकों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है। इसके साथ ही तेहरान ने इराक के साथ अपने द्विपक्षीय आर्थिक व व्यापारिक रिश्तों में किसी भी विदेशी ताकत के सीधे हस्तक्षेप पर सख्त एतराज जताया है।

सऊदी ने नाकाम कर दिया बड़ा हमला

दूसरी ओर सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने एक बड़ा हमला नाकाम कर दिया। यमन में सक्रिय हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चला रहे सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने रियाद को निशाना बनाकर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को बीच हवा में ही नष्ट करने का दावा किया। गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की के अनुसार, वायु रक्षा प्रणाली ने राजधानी रियाद की ओर बढ़ रही मिसाइल को हवा में ही भेद दिया।

इससे कुछ ही घंटे पहले गठबंधन ने हूती विद्रोहियों के उन ठिकानों पर सटीक हमले किए थे जिनका उपयोग सऊदी सीमा पर हमले करने के साथ-साथ दक्षिणी लाल सागर और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी आवागमन को बाधित करने के लिए किया जा रहा था।

मिडिल ईस्ट में भड़का नया युद्ध? कुवैत ने आसमान में मार गिराए ईरानी ड्रोन, 2 विदेशी नागरिकों की मौत

खाड़ी क्षेत्र के इस गरमाते माहौल के बीच कूटनीतिक मोर्चे पर भी तल्खी देखने को मिली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बहरीन के साथ अपनी एकजुटता दोहराते हुए लेबनान के बेरूत में हुई एक बैठक के दौरान बहरीन और उसकी न्याय प्रणाली पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की तीखी निंदा की। यूएई विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी संप्रभु राष्ट्र के आंतरिक मामलों में दखल या उसकी संस्थाओं को नीचा दिखाने की कोशिश अस्वीकार्य है। यूएई ने लेबनान सरकार के उस रुख का स्वागत किया जिसमें इन टिप्पणियों को देश की आधिकारिक नीति से अलग बताया गया, साथ ही यह भी सुनिश्चित करने की मांग रखी कि लेबनान की जमीन का इस्तेमाल किसी भी अरब देश के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी के लिए न हो।

Related Articles

Back to top button