उच्च न्यायालय की रोक के बाद भी नियुक्तियां!

यूजीसी नियमों और कार्यपरिषद के निर्णय की अनदेखी का आरोप

संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया पर न्यायालय की रोक के बावजूद नियुक्तियां किए जाने की शिकायत, विश्वविद्यालय की जांच समिति ने दर्ज कीं गंभीर अनियमितताएं, कार्यपरिषद की 16 वीं बैठक में भर्ती प्रक्रिया दोषपूर्ण पाए जाने के बाद भी नियुक्तियों पर अंतिम निर्णय नहीं। 30 नवंबर 2026 को अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारियों की पेशी।)

इटावा,सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय,सैफई में विज्ञापन संख्या 37/यूपी यूएमएस/पैरामेडिकल/फार्मेसी/2024-25, दिनांक 20 जून 2024 के अंतर्गत प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक एवं सहायक आचार्य के कुल 11 पदों पर हुई नियुक्तियां गंभीर विवादों में हैं। भर्ती प्रक्रिया में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के वर्ष 2018 के विनियमों, निर्धारित शैक्षणिक अर्हताओं,आरक्षण व्यवस्था एवं चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर शिकायतें की गई हैं।

विश्वविद्यालय की जांच समिति ने दर्ज कीं गंभीर अनियमितताएं

विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति ने भर्ती अभिलेखों के परीक्षण में पीएचडी की अनिवार्य अर्हता,शैक्षणिक प्रदर्शन सूचकांक,अध्यापन अनुभव,विषयगत विशेषज्ञता तथा चयन प्रक्रिया से जुड़ी कई गंभीर विसंगतियां दर्ज की हैं।

कार्यपरिषद की सोलहवीं बैठक के निर्णय पर कार्रवाई लंबित क्यों ?

कार्यपरिषद की सोलहवीं बैठक में भी भर्ती प्रक्रिया को दोषपूर्ण पाए जाने के संबंध में निर्णय लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद विवादित नियुक्तियों पर अंतिम निर्णय और जिम्मेदारी निर्धारित नहीं होने से विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षणिक अर्हताओं पर सवाल

शिकायतकर्ता ने चयनित अभ्यर्थियों की पीएचडी उपाधियों,शोध कार्य, अध्यापन अनुभव, शैक्षणिक अंकों, प्रमाण-पत्रों तथा चयन प्रक्रिया में विशेषज्ञों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आरक्षण व्यवस्था एवं श्रेणीवार पात्रता से संबंधित अभिलेखों के सत्यापन की मांग भी उठाई गई है।

तत्कालीन-संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग

भर्ती विज्ञापन तैयार करने से लेकर चयन,नियुक्ति आदेश जारी करने और कार्यभार ग्रहण कराने तक तत्कालीन एवं संबंधित अधिकारियों की भूमिका और जवाबदेही निर्धारित किए जाने की मांग की गई है।

30 नवंबर को अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष पेशी

इस प्रकरण में 30 नवंबर 2026 को अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारियों की प्रस्तावित पेशी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आयोग के समक्ष भर्ती प्रक्रिया, जांच समिति के प्रतिवेदन और कार्यपरिषद के निर्णय पर विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाब मांगे जाने की अपेक्षा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जांच समिति और कार्यपरिषद के स्तर पर भर्ती प्रक्रिया में गंभीर कमियां सामने आई हैं,तो विवादित नियुक्तियों पर अंतिम कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

दूसरी ओर,अभ्यर्थी पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर पारदर्शी तरीके से पुनः चयन प्रक्रिया शुरू होने की प्रतीक्षा में अपना बहुमूल्य समय गंवा रहे हैं। अब शासन,चिकित्सा शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन की जवाबदेही पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button